
लुधियाना: ‘आप’ सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल द्वारा बीती शाम लुधियाना की जनता को कांग्रेस को वोट देने के बाद मान सरकार में काम ना होने के किए गए संबोधन का कांग्रेसी कैंडिडेट आशु ने करारा जवाब दिया है। आशु ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर जहां जनता को आज पूर्णमाशी की बधाई दी है वहीं आप सुप्रीमो पर भी निशाना साधा है।
आशु ने लिखा कि जैसे-जैसे 23 जून यानी हमारे निर्णय के दिन की घड़ी नजदीक आ रही है वैसे-वैसे विरोधियों की बेचैनी बढ़ती जा रही है। हल्का वेस्ट की जनता का मुझे (आशु) मिल रहे समर्थन के बाद ‘आप’ के पास अब एक ही सवाल रह गया है “आशु को हराया कैसे जाए?” सच्चाई यह है कि उन्होंने मन ही मन हार मान ली है, क्योंकि उन्हें भली-भांति पता है कि “जहां जनता का साथ हो वहां ही जीत संभव है” और आशु को मिला है आप सभी का अडिग और अमिट साथ।
आशु ने लिखा कि कल लुधियाना आए अरविंद केजरीवाल के चेहरे और उनके शब्दों में भी डर साफ दिख रहा था। केजरीवाल ने खुलेआम कहा “अगर आशु को जिताया तो वह विपक्ष का विधायक होगा और कुछ नहीं कर पाएगा।” आशु ने कहा कि यह बयान केजरीवाल की घबराहट, तानाशाही प्रवृत्ति और लोकतंत्र के प्रति अनास्था को उजागर करता है। वह यह कैसे कह सकते हैं कि एक चुना हुआ विधायक जनता के लिए काम नहीं कर पाएगा? क्या इससे यह सिद्ध नहीं होता कि ‘आप’ सरकार दिल्ली से चल रही है और पंजाब केवल एक मोहरा है? लेकिन मैं उन्हें आश्वस्त करना चाहता हूं आशु ने अधिकांश समय विपक्ष में रहकर भी जनता की सेवा की है।
लुधियाना जानता है कि आशु सत्ता का मोहताज नहीं है, वह काम करने में विश्वास करता है चाहे सरकार किसी की भी हो। 23 जून को हम दिखाएंगे कि एक विपक्षी विधायक भी कैसे जनता के हक में हर काम करवा सकता है। यह ताकत किसी व्यक्ति की नहीं, बल्कि लुधियाना की जनता की है।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.