
बैतूल। बैतूल-परतवाड़ा स्टेट हाईवे पर झल्लार थाना क्षेत्र में ग्राम चिचोला ढाना और महारपानी के बीच न्यू आयशर वाहन पलटने से करीब 60 से 65 वर्षीय अज्ञात बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे में वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार चालक मनीष मीना पिता जगदीश, निवासी खैरी, थाना गोहरगंज, रायसेन ने मंडीदीप के पास 11 मिल के पास से नई आयशर गाड़ी उठाई थी। वह वाहन में चेचिस लेकर दक्षिण भारत जा रहा था। रास्ते में बुजुर्ग ने उससे लिफ्ट ली थी। चिचोला ढाना और महारपानी के बीच अचानक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक मनीष घायल हो गया।
सूचना मिलते ही झल्लार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मृतक की पहचान के प्रयास शुरू किए। पुलिस आसपास के गांवों में बुजुर्ग की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। अभी यह साफ नहीं हो सका है कि बुजुर्ग ने ड्राइवर से कहां से लिफ्ट ली थी। इसके लिए पुलिस बैतूल भोपाल और बैतूल अमरावती दोनों हाइवे से जानकारी जुटा रही है। जिला अस्पताल में भर्ती ड्राइवर के भी अर्श बेहोशी की हालत में होने से पुलिस को मृतक के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। झल्लार थाना प्रभारी वहीद खान ने अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृतक को पहचानता है या उसके संबंध में कोई जानकारी रखता है तो झल्लार थाना पुलिस को सूचित करें।
फिलहाल झल्लार पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
