
खेलते-खेलते गिरी मासूम, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
बैतूल जिले के रामपुर खोखरा में हुई दर्दनाक घटना, फेफड़ों में रुकावट से हुई बच्ची की मौत
बैतूल। जिले के ग्राम **रामपुर खोखरा** में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां **5 साल की मासूम मनाली जावस्कर** खेलते-खेलते अचानक गिर गई और बेहोश हो गई। परिजन तुरंत उसे लेकर **पाढर अस्पताल** पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पूरे परिवार में मातम छा गया। मासूम की मौत **संदिग्ध परिस्थितियों** में हुई बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
**दिवाली मनाने आई थी बड़ी मम्मी के घर**
जानकारी के अनुसार, मृतक बच्ची **मनाली पिता बिसन जावस्कर** निवासी **मेहतगांव** की रहने वाली थी। वह अपने **बड़े पापा केजा जावस्कर और बड़ी मम्मी** के साथ उनके ससुराल **रामपुर खोखरा** दिवाली मनाने आई थी।
सोमवार दोपहर करीब **3 से 4 बजे के बीच** मनाली घर के बाहर खेल रही थी। खेलते समय वह अचानक जमीन पर गिर गई। जब परिजनों ने देखा तो वह बेहोश पड़ी थी। तुरंत उसे **पाढर अस्पताल** ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
**पुलिस ने पंचनामा कर शव भेजा पोस्टमार्टम के लिए**
सूचना मिलने पर **पाढर पुलिस** मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को **पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बैतूल** भेजा। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
**पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा**
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि बच्ची के **फेफड़े पिचके हुए मिले**। डॉक्टरों के अनुसार, यह संभव है कि खेलते समय बच्ची **सांस नहीं ले पाई (respiratory arrest)** और **घुटन (asphyxia)** के कारण उसकी मौत हो गई।
रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट किया गया कि बच्ची को **हृदय संबंधी कोई बीमारी नहीं थी।**
**परिजनों का बयान**
परिजनों ने बताया कि मनाली अपने माता-पिता की **दो बेटियों में सबसे छोटी** थी। उसके पिता **मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण** करते हैं। परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले उसकी तबियत हल्की खराब थी, जबकि दादी भी घर में बीमार हैं।
पुलिस ने बताया कि **किसी अन्य प्रकार की दुर्घटना या बाहरी चोट के सबूत नहीं मिले हैं।** फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर **मौत के कारणों की विस्तृत जांच शुरू** कर दी है।
