
बैतूल। नेहरू पार्क चौपाटी में दुकानों के आवंटन को लेकर दो दिन से बना गतिरोध शनिवार देर शाम खत्म हो गया। शुक्रवार को करीब 120 दुकानें बंद रखकर दुकानदारों ने विरोध जताया था। दुकानदारों की मुख्य आपत्ति नगर पालिका की सर्वे सूची और पात्रता को लेकर थी। उनका कहना था कि कई दुकानदार 15 से 20 वर्षों से चौपाटी में दुकान संचालित कर रहे हैं, लेकिन अलग-अलग सर्वे सूचियों में नामों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
इसी मामले को लेकर शनिवार को चौपाटी संघ के प्रतिनिधियों ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल से मुलाकात की। बातचीत के बाद विधायक के आश्वासन पर दुकानदारों ने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया।
चौपाटी संघ के महेंद्र पवार ने बताया कि विधायक ने नगरपालिका से तीसरी बार सर्वे कराने का भरोसा दिया है। नए सर्वे में चौपाटी संघ से जुड़े चार प्रतिनिधियों को भी शामिल रखा जाएगा, ताकि दुकानों के वास्तविक संचालन और दुकानदारों की स्थिति की जानकारी सामने आ सके। साथ ही किसी भी दुकानदार को बेरोजगार नहीं होने देने का आश्वासन दिया गया है।
गौरतलब है कि नगर पालिका के अनुसार वर्ष 2022 के सर्वे में चौपाटी पर 129 दुकानें संचालित पाई गई थीं। दुकानों के आवंटन के लिए गठित पांच सदस्यीय समिति ने निर्धारित पात्रता शर्तों की जांच के बाद 91 दुकानदारों को पात्र माना था। इसी प्रक्रिया को लेकर दुकानदारों में असंतोष था।
विधायक के आश्वासन के बाद शनिवार देर शाम सहमति बनने से गतिरोध टूट गया। अब रविवार से नेहरू पार्क चौपाटी की दुकानें फिर खुलेंगी और तीसरे सर्वे से दुकानदारों की पात्रता को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
Give me seo title

