
पुलिस परेड ग्राउंड में मार्च पास्ट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों का सम्मान
बैतूल। देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को बैतूल में उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया गया। जिला मुख्यालय के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवने ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस दौरान पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन सहित जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
समारोह में पुलिस विभाग, होमगार्ड, वन विभाग, एनसीसी, स्काउट-गाइड, रेडक्रॉस, शौर्य दल और ट्रैफिक वार्डन के दलों ने अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। परेड में जिला पुलिस बल, जिला होमगार्ड, वन विद्यालय, सशस्त्र बल, एनसीसी सीनियर डिवीजन बालक-बालिका, एनसीसी जूनियर डिवीजन बालक-बालिका, राष्ट्रीय सेवा योजना, स्काउट-गाइड, रेडक्रॉस, शौर्य दल महिला सशक्तिकरण तथा ट्रैफिक वार्डन के दल शामिल रहे।
परेड के बाद स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक एवं नृत्य प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों में देशभक्ति का उत्साह भर दिया।
इस मौके पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों का सम्मान किया गया। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, नगर पालिका अध्यक्ष पार्वती बारस्कर, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधाकर पवार और कांग्रेस जिलाध्यक्ष निलय डागा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
