
घोड़ाडोंगरी के पूर्व भाजपा विधायक मंगल सिंह धुर्वे एक बार फिर सुर्खियों में हैं। दिवाली की रात उनके गांव रामपुर में हुई एक कहासुनी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। करीब दो मिनट बाईस सेकंड के इस वीडियो में पूर्व विधायक कुछ युवकों से रात में भिड़ते दिखाई दे रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, दिवाली की रात रामपुर मॉल के सरपंच और बांसपानी क्षेत्र के कुछ युवकों के बीच वाहन निकालने को लेकर विवाद हुआ। मौके पर माहौल गरमा गया। इसी दौरान वहां पूर्व विधायक मंगल सिंह भी पहुंच गए। वीडियो में देखा जा सकता है कि पूर्व विधायक युवकों से तीखी बहस करते हुए कह रहे हैं— “मेरे सामने इतनी आवाज कर रहा तेरी… (गाली)… इतना बड़ा पावर है तेरा, अभी जेल भिजवाता हूं।” इस दौरान आसपास खड़े लोग बीच-बचाव की कोशिश करते दिखाई देते हैं।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई। कांग्रेस के मीडिया सेल ने वीडियो को फेसबुक पर शेयर करते हुए लिखा— “सैयाँ भए कोतवाल तो डर काहे का… पूर्व विधायक दिखा रहे हैं गुंडागर्दी।”
वहीं, इस मामले में भीमसेना के प्रदेशाध्यक्ष पंकज अतुलकर ने भी वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर किया है। उन्होंने पूर्व विधायक पर गुंडागर्दी करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। अतुलकर ने अपनी पोस्ट में यह भी दावा किया है कि विवाद के दौरान जयस नेता कोमल भलावी के साथ मारपीट की गई।
इस मामले में जब पूर्व विधायक मंगल सिंह धुर्वे से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया, तो उनका मोबाइल फोन रिसीव नहीं हुआ। फिलहाल पुलिस थाने में किसी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं की गई है।
वीडियो वायरल होते ही लोगों ने सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दीं। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि दिवाली की रात मामूली विवाद को अनावश्यक रूप से बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया जा रहा है।
हालांकि मामला स्थानीय स्तर पर सुलझा लिया गया बताया जा रहा है, लेकिन वायरल वीडियो ने एक बार फिर जनप्रतिनिधियों के व्यवहार और जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
