
गोंडू मंडई और हर्रावाड़ी गांव के दो गुटों में विवाद, आधे घंटे से ज्यादा चला हंगामा; पुलिस सीसीटीवी फुटेज से कर रही पहचान
बैतूल/चिचोली। त्योहारी सीजन में चिचोली के मुख्य जय स्तंभ चौक पर सोमवार शाम करीब छह बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो गांवों के युवकों के बीच जमकर मारपीट हो गई। करीब आठ युवक आपस में भिड़ गए और देखते ही देखते विवाद सड़क तक पहुंच गया। इस दौरान बेल्ट और डंडों से मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। हंगामे के चलते चौक पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गई।
बताया जा रहा है कि गोंडू मंडई और हर्रावाड़ी गांव के युवक चौक पर मौजूद थे। सभी के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है। शुरुआत में युवक आपस में ही किसी बात को लेकर झगड़ रहे थे। विवाद बढ़ने के बाद वे राहगीरों से भी उलझने लगे। सड़क पर मारपीट और हंगामे से मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब आधे घंटे से ज्यादा समय तक चौक पर हंगामा चलता रहा। कुछ लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही मारपीट कर रहे युवक मौके से भाग गए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि मारपीट में शामिल युवकों की पहचान की जा सके।
फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस फुटेज और मौके पर मौजूद लोगों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
### मुख्य चौक पर पुलिस प्वाइंट नहीं होने पर सवाल
जय स्तंभ चौक चिचोली नगर का प्रमुख और व्यस्त चौक माना जाता है। त्योहारी सीजन में यहां शाम के समय काफी भीड़ रहती है। इसके बावजूद घटना के दौरान यहां कोई पुलिस प्वाइंट मौजूद नहीं था। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस की नियमित मौजूदगी रहती तो विवाद को समय रहते नियंत्रित किया जा सकता था। घटना के बाद चौक पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
