
बैतूल। रक्षाबंधन के पर्व पर लक्ष्मीनारायण कंपनी ने महिलाओं को बड़ी राहत देने की पहल की है। कंपनी की बसों में रक्षाबंधन के दिन महिलाओं से किराया नहीं लिया जाएगा। भोपाल-बैतूल के साथ चिचोली, आठनेर और अन्य लोकल रूट पर चलने वाली लक्ष्मीनारायण कंपनी की बसों में यह सुविधा लागू रहेगी। पुरुष यात्री भी बसों में सफर कर सकेंगे, लेकिन उन्हें सामान्य किराया देना होगा।
लक्ष्मीनारायण कंपनी के मालिक मोनू विकास आर्य ने बताया कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम का पर्व है। महंगाई के दौर में महिलाओं को एक दिन यात्रा के खर्च से राहत देने के उद्देश्य से कंपनी ने यह निर्णय लिया है।
कंपनी की ओर से चिचोली से भोपाल सुबह 4 बजे और भोपाल से चिचोली सुबह 11 बजे, आठनेर से भोपाल सुबह 4 बजे, बैतूल से भोपाल सुबह पौने 5 बजे और भोपाल से बैतूल सुबह 11 बजे चलने वाली बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा बैतूल से भोपाल शाम 5.55 बजे, भोपाल ISBT से आठनेर सुबह 10.30 बजे और भोपाल से बैतूल शाम 5.15 बजे चलने वाली बसों में भी महिलाएं मुफ्त सफर कर सकेंगी।
लोकल रूट पर बैतूल से चिचोली, मलाजपुर, जीन, बोरगांव और अटारी सहित मार्गों पर दिनभर चलने वाली दो बसों में भी महिलाओं से किराया नहीं लिया जाएगा। मोनू विकास आर्य ने कहा कि यह पहल मुनाफे के लिए नहीं, बल्कि रक्षाबंधन पर महिलाओं को महंगाई से एक दिन की राहत देने और पर्व की खुशी साझा करने के उद्देश्य से की गई है।
