
बैतूल। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी शुक्रवार को अपने निजी दौरे पर सतपुड़ा टाइगर रिजर्व पहुंचे। वे परिवार सहित चूरना के समीप बने तधास्तु रिसॉर्ट में दो दिन के प्रवास पर रहेंगे और जंगल सफारी का आनंद लेंगे। यह क्षेत्र बैतूल और नर्मदापुरम की सीमा पर स्थित है।
गडकरी शनिवार दोपहर नागपुर से रवाना होकर दोपहर बाद में बैतूल जिले के शाहपुर ब्लॉक के कुंडी टोल प्लाजा से होते हुए धापड़ा मार्ग से चूरना पहुंचे। इस दौरान उनके काफिले के गुजरने की जानकारी लगते ही कांग्रेस कार्यकर्ता कुंडी टोल प्लाजा पर पहुंच गए। कांग्रेसजनों का आरोप था कि यहां अवैध रूप से टोल वसूली की जा रही है, जबकि सड़क की हालत बेहद खराब है।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने बताया कि वे केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन देने पहुंचे थे, लेकिन गडकरी का काफिला बिना रुके दूसरी दिशा से निकल गया। इससे नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टोल प्लाजा पर ही नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सड़क पूरी न बनने के बावजूद टोल से वसूली शुरू कर दी गई।यह अवैध वसूली है। उनका कहना था कि बैतूल से नागपुर तक कांग्रेस शासन में बनी सड़क आज भी बेहतर स्थिति में है, जबकि वर्तमान में भोपाल मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे हैं और फिर भी टोल वसूला जा रहा है।
वहीं, गडकरी के सतपुड़ा टाइगर रिजर्व प्रवास के दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय राज्यमंत्री डी.डी. उइके और विधायक गंगाबाई उइके ने उनसे मुलाकात की। बताया जा रहा है कि गडकरी अपने मित्र और उद्योगपति अनिल अग्रवाल के निमंत्रण पर चूरना पहुंचे हैं, जहां वे दो दिन परिवार सहित प्राकृतिक सौंदर्य और वन्यजीवों का आनंद लेंगे।
सूत्रों के अनुसार, रविवार को भी केंद्रीय मंत्री सुबह जंगल सफारी करेंगे और शाम तक नागपुर लौट जाएंगे।
