
रायपुर: उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री का प्रभार देख रहे विजय शर्मा ने कहा, नक्सलवाद को नकार कर अब बस्तर विकास के रास्ते पर चलने को तैयार है. नक्सलियों पर जिस तरीके से सुरक्षा बल खासतौर से DRG छत्तीसगढ़ पुलिस बल, बस्तर फाइटर टीम ने काम किया है उसकी जितनी भी तारीफ की जाए कम है. डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर फाइटर और डीआरजी के जवानों ने बस्तर में विकास के रास्ते खोल दिए हैं. जनता के भीतर अब यह भरोसा बैठने लगा है कि नक्सलवाद का खात्मा और विकास का नया सूर्योदय छत्तीसगढ़ की जमीन पर तैयार हो गया है.
डीआरजी और बस्तर फाइटर के जवानों का सम्मान: डिप्टी सीएम विजय शर्मा के आवास पर आज एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. आयोजन में छत्तीसगढ़ जिला रिजर्व गार्ड, छत्तीसगढ़ पुलिस बल, बस्तर फाइटर के साथ महिला बस्तर फाइटर के जवान शामिल हुए. कार्यक्रम में आए जवानों का डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने सम्मान किया. जवानों के विजय शर्मा ने बातचीत की.
जवानों के बलिदान को किया याद: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा, देश की रक्षा करने वाले देश के वीर जवानों की शहादत को भुलाया नहीं जा सकता. छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्त करने में जो योगदान जवानों ने दिया है उसे याद कर सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है.
