
मध्यप्रदेश में मौसम में बड़े बदलाव की संभावना जताई जा रही है। एक दिन पहले मार्च में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार रिकॉर्ड किया गया था, लेकिन अब मौसम में बदलाव के साथ तापमान में गिरावट आ रही है। नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद 1 अप्रैल को राज्य के विभिन्न हिस्सों में तेज हवाओं और बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। पिछले 24 घंटे में राज्य में अधिकतम तापमान में 3 डिग्री की कमी आई और यह सामान्य से 0.8 डिग्री कम रहा।
अगले 48 घंटे का अलर्ट मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के 27 जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
किसे मिलेगी राहत? मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के नर्मदापुरम, बैतूल जैसे जिलों में 1 अप्रैल को ओले गिरने की संभावना है। वहीं, खंडवा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, पांढुर्णा जैसे इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चलने का अनुमान है।
भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, हरदा, बुरहानपुर, खरगोन, देवास, आगर-मालवा, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला, सागर, टीकमगढ़, और निवाड़ी में 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चल सकती है।
मौसम में बदलाव का कारण यह बदलाव मुख्य रूप से सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण है, जो मध्य महाराष्ट्र और आसपास के क्षेत्रों में प्रभावी है। इस विक्षोभ के कारण प्रदेश में तापमान में गिरावट और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना बन रही है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे आगामी दिनों में मौसम के साथ-साथ सभी जरूरी सतर्कताएं बरतें, खासकर खुले स्थानों पर न जाएं और वाहनों की गति कम रखें।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.