Logo
ब्रेकिंग
बीना स्टेशन पर तीसरी लाइन निर्माण कार्य के चलते 20 सितंबर से 16 अक्टूबर तक ट्रेनों का संचालन प्रभावि... दतिया के सहिड़ाखुर्द में रिश्तों को तार-तार करने वाली वारदात: 13 वर्षीय किशोरी से खेत में दुष्कर्म मुरैना में शादी के 42 दिन बाद नवविवाहिता शिक्षिका ने लगाई फांसी: अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम,... एमपी में 1.5 लाख शिक्षकों को देनी होगी पात्रता परीक्षा: 21 अगस्त से आवेदन शुरू, 12 अक्टूबर से एग्जाम... जबलपुर के रेस्टोरेंट में काम को लेकर विवाद, सहकर्मी ने 20 वर्षीय युवती की चाकू से गोदकर की हत्या नितिन नबीन ने घोषित की नई टीम: 13 उपाध्यक्ष, 8 महासचिव और 12 महिलाओं को मिली जगह; जानें BJP संविधान ... राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पहली SIT की फाइनल रिपोर्ट सौंपी गई, चंपत राय और अनिल मिश्रा को क्लीन... झारखंड भर्ती परीक्षा विवाद: NEET से कैसे अलग है राज्य का संकट? 2014 से जांच, 11वीं-13वीं JPSC और कान... बरेली में LLB छात्रा पर पूर्व पति से हलाला और वकालत छोड़ने का दबाव: भाइयों-भाभियों ने की मारपीट, पुल... भोपाल का रेहान मर्डर केस सुलझा: फर्जी रील देखकर रची थी हत्या की साजिश, प्राइवेट पार्ट बेचने का था प्...
Header Ad

इंदौर में जंजीरवाला से 56 दुकान की ओर जाने वाली सड़क पर गाड़ी खड़ी की, तो देना होगा पार्किंग चार्ज

 इंदौर। इंदौर नगर निगम 56 दुकान पर पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं कर पाया तो अब सड़क पर वाहन खड़े करने वालों से शुल्क वसूलने जा रहा है। 56 दुकान चौपाटी पर ही नहीं, बल्कि जंजीरावाला चौराहे से 56 चौपाटी की ओर जाने वाली रोड पर वाहन पार्क करने वालों से भी पार्किंग शुल्क की वसूली करेगा।

56 की दोपहिया पार्किंग के साथ रोड पर पार्किंग शुल्क वसूली का ठेका स्मार्ट सिटी कंपनी ने 31.50 लाख में एक निजी कंपनी को दिया है। नगर निगम द्वारा लगाए जा रहे इस मनमाने शुल्क को लेकर व्यापारी शनिवार को महापौर पुष्यमित्र भार्गव से मिलने पहुंचे लेकिन महापौर ने उनकी समस्या सुनने के बजाय उन्हें दो टूक कह दिया कि बड़े शहरों में इस तरह का पार्किंग शुल्क वसूला जाता है, इसलिए यहां भी व्यवस्था लागू होगी।

पार्किंग शुल्क से व्यापार घटने का खतरा महसूस कर रहे 56 के दुकानदारों ने अपने स्तर पर हल निकालते हुए घोषणा की कि दोपहिया वाहन चालकों को वे 100 रुपये की खरीदी पर 10 रुपये का डिस्काउंट देंगे, ताकि लोग चौपाटी से किनारा न करने लगे।

56 दुकान पर शुक्रवार के बाद शनिवार को भी दोपहिया वाहनों से 10 रुपये और सड़क पर खड़ी कारों से 30 रुपये पार्किंग शुल्क वसूला गया। चौपाटी पर दोपहिया वाहन पार्किंग की तो जगह बनी है, लेकिन चार पहिया सड़क किनारे ही खड़े होते हैं। तमाम दावों के बावजूद इस क्षेत्र में मल्टीलेवल पार्किंग नहीं बन सकी।

अब स्मार्ट सिटी कंपनी ने कह दिया कि क्योंकि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में यहां की सड़क चौड़ी की गई थी, इसलिए इस सड़क पर खड़े वाहनों से भी पार्किंग शुल्क वसूलने का अधिकार है। अधिकारियों ने यह दलील भी दे दी कि रात में कुछ लोग कार में नशाखोरी करते थे और अवैध रूप से कुछ लोग पार्किंग वसूल रहे थे, इसलिए हमने शुल्क वसूली का ठेका दे दिया।

व्यापारियों ने महापौर के सामने जताई चिंता

शनिवार को 56 दुकान व्यापारी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने महापौर भार्गव से सचिवालय पर मुलाकात की। व्यापारियों ने कहा कि पार्किंग शुल्क लागू नहीं करें इससे चौपाटी का व्यापार प्रभावित होगा। पहले से ही व्यापारी तमाम शुल्क व मेंटेनेंस दे रहे हैं। महापौर ने कहा कि देश के बड़े शहरों में लोग इस तरह की चौपाटियों पर जाने पर पार्किंग में गाड़ी का शुल्क देते हैं।

ऐसे में यहां भी यह व्यवस्था लागू रहेगी। यहां के दुकानदार व कर्मचारियों के लिए स्टीकर जारी किए जाएंगे और उनसे किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा। व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष गुंजन शर्मा के मुताबिक 56 दुकान के व्यापारियों ने तय किया है कि जो ग्राहक 100 रुपये तक की खाद्य सामग्री खरीदेगा, उसे दो पहिया पार्किंग का 10 रुपये शुल्क का डिस्काउंट दुकानदार दे सकते हैं।

एमजी रोड पर दबाव, दूसरी ओर बढ़ेगा विवाद

56 दुकान पर तो पार्किंग शुल्क लागू कर दिया गया है लेकिन चौपाटी के एमजी रोड वाले मुहाने पर शुल्क वसूली का ठेका नहीं दिया गया है। ऐसे में इस सिरे पर खड़े रहने वाले वाहनों को शुल्क नहीं देना होगा। इससे आशंका है कि शुल्क से बचने के लिए लोग एमजी रोड पर गाड़ियां खड़ी करेंगे।

इससे वहां यातायात में बाधा उत्पन्न होगी। दूसरी ओर 56 चौपाटी से अलग जंजीरावाला की तरफ जाने वाली सड़क पर अन्य कमर्शियल काम्प्लेक्स व दुकानें हैं। इन पर आने वाले चार पहिया वाहन भी शुल्क वसूली की जद में आ जाएंगे। ऐसे में विवाद होने की आशंका बनी रहेगी।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.