
बैतूल। साईखेड़ा थाना क्षेत्र के पंखा फ्लाईओवर पर रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे दो ट्रकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एनएचएआई 1033 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार रायपुर से लोहे का भारी भरकम लोड लेकर इंदौर की ओर जा रहा एक ट्रक, आगे चल रहे दूसरे ट्रक से जोरदार टकरा गया। बताया जा रहा है कि आगे वाले ट्रक के चालक ने अचानक फ्लाईओवर पर ब्रेक लगा दी थी। तेज रफ्तार और अधिक वजन की वजह से पीछे से आ रहा लोहा भरा ट्रक नियंत्रण नहीं रख पाया और दोनों ट्रक आमने-सामने भिड़ गए।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लोहा लदा ट्रक का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। राहगीरों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं हादसे के बाद आगे वाले ट्रक का चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही साईखेड़ा पुलिस, फोरलेन अथॉरिटी और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। घायल चालक को प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया। उसे रात 12 बजकर 36 मिनट पर भर्ती किया गया।
घायल की पहचान **दिनेश पिता रामदास आहके (25), निवासी बिजादेही, चिचोली** के रूप में हुई है। उसके सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि फरार ट्रक चालक और परिचालक की तलाश जारी है।
