38 हजार स्थानांतरित, 15 हजार मृत, 6 हजार अनुपस्थित मतदाताओं की सूची से हटाने की तैयारी 2003 की सूची से मेल न खाने पर 6 हजार से ज्यादा वोटर्स को नोटिस भेजे जाएंगे
बैतूल, 9 दिसंबर।
बैतूल जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नामों में गड़बड़ी सामने आई है। प्रशासनिक जांच में 64 हजार 769 मतदाताओं को संदिग्ध श्रेणी में चिह्नित किया गया है, जिनके नाम अब मतदाता सूची से हटाने की प्रक्रिया में हैं। इनमें 38,548 स्थानांतरित, 15,476 मृत, 6,306 अनुपस्थित और 4,262 रिपीट मतदाता शामिल हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देश पर चल रहे इस पुनरीक्षण अभियान में बीएलओ द्वारा मतदान केंद्रों पर इन नामों का वाचन किया जा रहा है, ताकि स्थानीय स्तर पर आपत्ति या पुष्टि प्राप्त की जा सके।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने बताया कि जिले में 2003 की एसआईआर सूची से मेल न खाने वाले 6,218 मतदाताओं को नोटिस भेजे जाने की तैयारी है। दस्तावेज़ सत्यापन के बाद तय किया जाएगा कि उनके नाम सूची में बने रहेंगे या हटाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जिले में 165 नए मतदान केंद्रों को मंजूरी मिली है, जिससे अब कुल मतदान केंद्रों की संख्या 1593 से बढ़कर 1758 हो गई है। राजनीतिक दलों से कहा गया है कि वे नए केंद्रों पर बीएलए-2 की नियुक्ति कर संबंधित जानकारी जमा करें।
12.58 लाख मतदाताओं का डिजिटाइजेशन पूरा
घर-घर गणना अभियान के तहत अब तक 12,58,295 मतदाताओं के गणना पत्रकों का डिजिटाइजेशन कार्य पूरा हो चुका है। इनमें से 11,87,337 मतदाताओं की मैपिंग पूर्ण हुई है, जो 94.30 प्रतिशत है।
बैठक में संयुक्त कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी मकसूद अहमद सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कलेक्टर ने बताया कि 11 दिसंबर तक घर-घर गणना कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद 16 दिसंबर को प्रारूप मतदाता सूची जारी की जाएगी। दावे और आपत्तियाँ 16 दिसंबर से 15 जनवरी तक स्वीकार की जाएंगी। प्रमाणीकरण की प्रक्रिया 7 फरवरी तक चलेगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची 14 फरवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी।