
बैतूल के चिचोली क्षेत्र में पिछले कई दिनों से चल रही लो वोल्टेज और बार-बार बिजली कटौती की समस्या से परेशान किसानों ने आखिरकार आज इंदौर हाइवे पर चक्काजाम कर दिया। चूना जोड़ पर सैकड़ों किसानों ने वाहनों की आवाजाही रोक दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में गेहूं की बुवाई का काम चल रहा है और फसलों को तुरंत पानी की जरूरत है, लेकिन बिजली की कमी से सिंचाई ठप हो गई है। कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर लोड नहीं उठा रहे है। ग्रामीणों ने बताया कि एक ट्रांसफार्मर हाल ही में विधायक ने स्वीकृत करवाया था, वह भी अब तक नहीं लगाया गया है।
किसानों का आरोप है कि क्षेत्र में अस्थायी कनेक्शन अधिक हैं और मेंटेनेंस के नाम पर दिन में 4-5 घंटे बिजली बंद रखी जाती है। इससे आधा दर्जन से ज्यादा गांवों के सैकड़ों किसान प्रभावित हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि जब वे शिकायत लेकर ऑफिस पहुंचे तो ताला लटका मिला, जिसके बाद आक्रोशित होकर उन्होंने इंदौर हाइवे पर जाम लगा दिया।
घटना की सूचना मिलते ही चिचोली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। वहीं, थोड़ी देर पहले बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहु हे है। अधिकारियों और किसानों के बीच चर्चा चल रही है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिन के भीतर वोल्टेज और बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे।
जाम में चुनाहजुरी और चुना गोसाई गांव के किसान प्रमुख रूप से शामिल रहे।
–
