बैतूल। जिला अस्पताल के भोजनशाला के पास स्टोर रूम में आज सुबह शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। आग लगने के कुछ ही मिनटों में स्टोर रूम से धुंआ फैलने लगा, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के दौरान वहां मौजूद मरीजों और उनके परिजनों में घबराहट फैल गई।
धुंआ तेजी से बढ़ता देख अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल कदम उठाते हुए वार्ड नंबर 1 और 4 के मरीजों को ट्रामा सेंटर में शिफ्ट किया। जबकि ऊपरी माले के वार्डो को भी खाली कराया। बताया जा रहा है कि जिस कमरे में आग लगी वहां केमिकल और अन्य ज्वलनशील सामान रखे हुए थे, जिसके कारण धुंआ तेजी से पूरे हिस्से में फैल गया।
मरीजों ने बताया कि वे आराम कर रहे थे, तभी अचानक धुंआ फैलने लगा और लोग घबरा गए। कुछ मरीजों को एहतियातन अस्पताल के बाहर बेंचों पर लिटाया गया।
RMO रानू वर्मा ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी थी। फायर ब्रिगेड को तुरंत सूचना दी गई, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। सौभाग्य से इस घटना में किसी प्रकार का जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही अपर कलेक्टर सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे हालात का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को सुरक्षा उपकरणों और विद्युत वायरिंग की तत्काल जांच के निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों ने कहा कि अस्पताल में आग लगने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। मरीजों का कहना था कि आग लगने के दौरान अफरा-तफरी का माहौल था और कुछ देर तक किसी को समझ नहीं आया कि क्या हो रहा है।
फिलहाल आग पूरी तरह बुझा दी गई है और स्थिति सामान्य है। अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया गया है और जल्द ही सभी वार्ड सामान्य रूप से संचालित होने लगेंगे।