
बैतूल। शैक्षणिक संस्थानों के आसपास बिना हेलमेट, बिना ड्राइविंग लाइसेंस और यातायात नियमों की अनदेखी कर दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने चेकिंग अभियान चलाया। सोनाघाटी स्थित शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, कोसमी और आसपास के शैक्षणिक संस्थानों के पास परिवहन चेक पॉइंट बैतूल की टीम ने वाहनों की सघन जांच की।
परिवहन निरीक्षक शिवानी मुकाती के नेतृत्व में टीम ने कॉलेज आने-जाने वाले विद्यार्थियों और अन्य दोपहिया वाहन चालकों को रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान ड्राइविंग लाइसेंस के साथ वाहन की RC, बीमा और प्रदूषण प्रमाण पत्र (PUC) भी देखा गया। यातायात नियमों का उल्लंघन मिलने पर मौके पर कुल 23 हजार 600 रुपए की ऑनलाइन ई-चालानी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने कार्रवाई के साथ वाहन चालकों और विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। विद्यार्थियों को समझाया गया कि वैध ड्राइविंग लाइसेंस के बिना वाहन चलाना नियमों का उल्लंघन है। वहीं दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना केवल कानूनी अनिवार्यता ही नहीं, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में सिर की गंभीर चोट से बचाव के लिए भी महत्वपूर्ण है।
परिवहन निरीक्षक शिवानी मुकाती ने विद्यार्थियों से वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने, गति नियंत्रित रखने और हेलमेट को सही तरीके से बांधकर पहनने की अपील की। उन्होंने नाबालिगों के वाहन चलाने से होने वाले कानूनी और सुरक्षा संबंधी जोखिमों की जानकारी भी दी।
परिवहन विभाग के अनुसार शैक्षणिक संस्थानों के आसपास इस तरह की जांच का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों और युवा वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है।
