
बैतूल: अतिरिक्त यात्री भीड़ को देखते हुए नागपुर-दानापुर स्पेशल ट्रेन 3 अगस्त को चलेगी, बैतूल में तड़के 3 बजे होगा ठहराव
बैतूल। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल ने नागपुर से दानापुर के बीच एक विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह स्पेशल ट्रेन 3 अगस्त 2026 को संचालित होगी, जिससे बिहार और उत्तर प्रदेश की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
पूर्व मुख्य यातायात निरीक्षक अशोक कटारे ने बताया कि ट्रेन क्रमांक 01281 नागपुर–दानापुर स्पेशल 3 अगस्त की रात 11:50 बजे नागपुर स्टेशन से रवाना होगी। यह ट्रेन 4 अगस्त को तड़के 2:37 बजे आमला पहुंचेगी और तीन मिनट के ठहराव के बाद 2:40 बजे रवाना होगी। इसके बाद ट्रेन सुबह 3:00 बजे बैतूल स्टेशन पहुंचेगी तथा 3:03 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी।
यह स्पेशल ट्रेन इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज और मुगलसराय होते हुए 5 अगस्त की रात 12:30 बजे दानापुर पहुंचेगी।
रेलवे के अनुसार ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए गए हैं, जिनमें 12 स्लीपर, 6 सामान्य (जनरल) तथा अन्य आवश्यक कोच शामिल हैं। यह ट्रेन स्पेशल फेयरपर संचालित होगी, इसलिए इसका किराया सामान्य ट्रेनों की तुलना में लगभग 30 प्रतिशत अधिक रहेगा।
रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले टिकट की उपलब्धता और समय की जानकारी की पुष्टि कर यात्रा करने की सलाह दी है। यह स्पेशल ट्रेन विशेष रूप से त्योहारी और अतिरिक्त यात्री दबाव को कम करने के उद्देश्य से चलाई जा रही है।
