
बड़ी खबर : श्री जी शुगर एंड पावर प्रा. लि. सोहागपुर ने गन्ना किसानों के मशीनीकरण की दिशा में बढ़ाया बड़ा कदम
किसानों को छोटे ट्रैक्टर और सहायक उपकरण प्रदान करते मिल के संचालकगण।
बैतूल। श्री जी शुगर एंड पावर प्रा. लिमिटेड सोहागपुर द्वारा इस वर्ष किसानों के हित में एक सराहनीय पहल की गई है। मिल प्रबंधन ने खेती में मशीनीकरण को बढ़ावा देने और लेबर की कमी की समस्या को दूर करने के उद्देश्य से गन्ना उत्पादक किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग के लिए प्रेरित किया है।
मिल के शुभारंभ अवसर पर संचालक राजेंद्र गोयल, अखिलेश गोयल और वैभव महेश्वरी ने किसानों के साथ संवाद कर उन्हें नई तकनीक से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि गन्ना उत्पादन में छोटे ट्रैक्टर और उनके उपकरण किसानों के लिए वरदान साबित होंगे, जिससे न केवल श्रम लागत में कमी आएगी बल्कि उत्पादन क्षमता भी बढ़ेगी।
इस अवसर पर मिल प्रबंधन ने उन किसानों को सम्मानित किया जिन्होंने गन्ना खेती में छोटे ट्रैक्टर का उपयोग कर उदाहरण प्रस्तुत किया है। इनमें राजू यादव (लाखापुर), गोविंद शंकरदयाल (खेलड़ी), संदीप महेश पवार (बैतूल बाजार), हेमंत तुलसीराम (एनखेडा), अखिलेश शिवदयाल कारे (बाजपुर), सालिकराम ठाकुर (बडोरा) और सुरेश साहू बुन्डाला शामिल हैं।
इन किसानों द्वारा खरीदे गए छोटे ट्रैक्टर अब श्री जी शुगर मिल के सहयोग से खेतों में कार्य करते दिखाई देंगे। यह पहल न केवल गन्ना उत्पादन बढ़ाने में मददगार होगी, बल्कि पूरे जिले में खेती के मशीनीकरण को नई दिशा देगी।
मिल प्रबंधन ने कहा कि आने वाले समय में भी किसानों को नई तकनीक, मशीनरी और प्रशिक्षण के माध्यम से निरंतर सहयोग दिया जाएगा ताकि क्षेत्र का हर किसान आत्मनिर्भर और प्रगतिशील बन सके।
—
