
बैतूल के थाना चिचोली क्षेत्र अंतर्गत हरदा-बैतूल नेशनल हाईवे (एनएच-47) पर रविवार शाम करीब छह बजे कुरसना गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्राले ने सड़क पार कर रहे भेड़ों के झुंड को कुचल दिया। हादसे में 26 भेड़ों की मौके पर मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन भेड़ें घायल हुई हैं।
घटना के समय ट्राला (क्रमांक RJ04 GD 2421) बैतूल से इंदौर की ओर जा रहा था। जबकि भेड़ों का झुंड हरदा की ओर से राजस्थान लौट रहा था। बताया जा रहा है कि ट्राले के चालक ने वाहन को तेज और लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए राजस्थानी गड़ेरियों के झुंड पर ट्राला चढ़ा दिया। हादसे के बाद चालक ट्राला छोड़कर फरार हो गया।
मृत भेड़ें जालौन (राजस्थान) निवासी गड़ेरिया मुड़ा राम रिवारिया की बताई जा रही हैं, जो अपने झुंड के साथ प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में चराई के लिए आए हुए थे।
सूचना मिलने पर चिचोली पुलिस मौके पर पहुंची और ट्राला जप्त कर लिया गया है। पुलिस ने चालक के खिलाफ तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।
