Logo
ब्रेकिंग
बैतूल जिले की नगरपालिकाओं में एल्डरमैन नियुक्त VIDEO :Fire 🔥 on highway बैतूल भोपाल हाइवे पर ट्राला पलटा,लगी आग The court's decision शादी में चाकू बाजी में हुई हत्या के दोषियों को उम्रकैद अंतर्राज्यीय बाइक चोर पकड़ाया, भैंसदेही पुलिस ने जंगल में छिपाकर रखी बाइकें बरामद भाजपा नेता की जमीन नपवाने गए राजस्व, पुलिस अमले पर हमला बैतूल में हेलमेट चेकिंग अभियान: 14 कर्मचारियों पर जुर्माना, प्रशासन की सख्ती बढ़ी शनिवार बैतूल आयेंगे सीएम मोहन यादव,सुरभि खण्डेलवाल को अर्पित करेंगे श्रद्धा सुमन India Heatwave Alert: कई राज्यों में 40°C पार, IMD की बड़ी चेतावनी चार साल की जैनब ने रखा रोजा। आत्मसंयम,सब्र,अनुशासन का दिया संदेश धुरंधर का दूसरा वर्जन इसी महीने होगा रिलीज, रणवीर नजर आएंगे अंडर कव्हर एजेंट
Header Ad

बरेली: कब्रिस्तान के सामने सो रहे युवक पर सफाईकर्मियों ने पलट दी कचरे से भरी टॉली, दबने से मौत

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बारादरी थाना क्षेत्र में नगर निगम कर्मचारियों की बड़ी लापरवाही सामने आई है. यहां सतीपुर चौराहे के पास कब्रिस्तान के सामने एक पेड़ की छांव में सो रहे सब्जी विक्रेता पर नाले से निकाली गई गंदगी से भरी ट्रॉली पलट दी गई. इस हादसे में शख्स की दबने से मौत हो गई. मृतक का नाम सुनील कुमार प्रजापति है जिसकी उम्र 45 साल बताई जा रही है.

सुनील के पिता गिरवर सिंह प्रजापति ने बताया कि उनका बेटा दोपहर के समय ककरईया कब्रिस्तान के सामने पेड़ की छांव में सो रहा था. इसी दौरान नगर निगम के ठेकेदार नईम शास्त्री और उसके सफाई कर्मचारियों ने बिना देखे ट्राली से सिल्ट (नाले की गंदगी) वहीं पर गिरा दी. जहां सुनील सो रहे थे, वहां झाड़ियां भी थीं, जिससे वह दिख नहीं पाए. परिजन का आरोप है कि यह जगह मलबा डालने के लिए अधिकृत नहीं थी.

लोगों ने मिलकर निकाला, लेकिन जान न बच सकी

स्थानीय लोगों की मदद से सुनील को मलबे से बाहर निकाला गया और एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस दर्दनाक घटना से परिवार में कोहराम मच गया है. सुनील ही अपने परिवार का इकलौता सहारा थे. जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. सुनील के पिता की तहरीर पर बारादरी थाना पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. थाना प्रभारी धनंजय पांडे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

नगर निगम ने भी कहा- कराएंगे विभागीय जांच

नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि पहली नजर में यह लापरवाही का मामला लग रहा है. जिस स्थान पर सिल्ट गिराई गई, वह अधिकृत स्थल नहीं था. उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की विभागीय जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

परिवार का आरोप साजिशन डाला मलबा

सुनील के परिजन का यह भी कहना है कि कर्मचारियों और ठेकेदार ने जान-बूझकर मलबा उनके बेटे पर डाला है. उनका आरोप है कि यह कोई सामान्य हादसा नहीं बल्कि साजिश है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पूरी तरह साफ होगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

सुनील की मौत से टूटा दुखों का पहाड़

सुनील कुमार प्रजापति सब्जी बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे. उनकी अचानक हुई मौत से पूरा परिवार सदमे में है. सुबह जब वह सब्जी बेचने नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता हुई और जब पता चला तो परिवार में कोहराम मच गया. इस हादसे ने नगर निगम की कार्यप्रणाली और कर्मचारियों की लापरवाही पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.