
राजधानी दिल्ली समेत एनसीआर के कई इलाकों में शनिवार दोपहर मौसम अचानक बदल गया. आसमान में काले बादल छा गए. जिसके बाद तेज हवाएं चलने लगी. वहीं इस दौरान मिनटों की आंधी और बारिश से कई जगहों पर भारी नुकसान हुआ है. मौसम विभाग ने दिल्ली एनसीआर में हल्की बारिश और धूलभरी आंधी चलने का पूर्वानुमान जारी किया था. वहीं रविवार को भी आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान जारी किया है. आंधी-तूफान के साथ बारिश का अनुमान जताया है तथा अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है.
तेज आंधी के कारण न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन की छत का एक हिस्सा उड़ गया. सावधानी के तौर पर न्यू अशोक नगर स्टेशन पर परिचालन रोक दिया गया. हालांकि टीनशेड उड़ने के दौरान किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. मेट्रो के अधिकारियों द्वारा जांच की जा रही है. भविष्य में इस तरह की घटना को रोकने के लिए आवश्यक सुधार कार्य भी किए जा रहे हैं. जानकारी के मुताबिक, न्यू अशोक नगर स्टेशन पर सेवाएं अगले निर्देश तक बंद रहेंगी. वहीं नोएडा में भारी बारिश से शहर के अलग-अलग हिस्सों में पेड़ और खंभे गिरने से गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है. पेड़ और खंभे सड़कों पर गिरने से जाम लग गया.

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.