
बैतूल। मासोद निवासी 28 वर्षीय पीटी शिक्षक नितेश पिता वासुदेव सूर्यवंशी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन उसे इलाज के लिए भोपाल ले जा रहे थे। रास्ते में एंबुलेंस में ही उसकी मौत हो गई, जिसके बाद परिजन शव को जिला अस्पताल बैतूल लेकर पहुंचे। यहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
नितेश की शादी इसी साल 1 जुलाई को एक सेवानिवृत्त सब इंस्पेक्टर की बेटी से हुई थी। वह छिंदवाड़ा जिले के मोहखेड़ थाना क्षेत्र के कामठी में कमरा लेकर रहता था और वहीं शिक्षक के रूप में पदस्थ था। उसकी पत्नी फिलहाल ससुराल में थी।
अस्पताल पुलिस चौकी के मुताबिक नितेश की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल लाया गया था। वह बेहोशी की हालत में था, इसलिए परिजनों से उसकी बातचीत नहीं हो सकी। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में सल्फास जैसे जहरीले पदार्थ के सेवन की प्रारंभिक आशंका सामने आई है। हालांकि उसने वास्तव में क्या खाया, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पीएम के दौरान बिसरा प्रिजर्व किया गया है। मर्ग डायरी आगे की जांच के लिए मोहखेड़ थाना, जिला छिंदवाड़ा भेजी जाएगी।
इधर, नितेश को जानने वाले लोगों का कहना है कि वह मिलनसार और जिंदादिल युवक था। उनका कहना है कि उसके व्यवहार को देखकर उन्हें विश्वास नहीं होता कि वह आत्महत्या जैसा कोई कदम उठा सकता है। हालांकि यह लोगों की व्यक्तिगत राय है और घटना की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
इस बीच यह जानकारी भी सामने आई है कि नितेश ने दोस्तों के साथ पार्टी की थी और उसमें मशरूम का सेवन किए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। परिजन अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में व्यस्त होने के कारण घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आ सकी है।
पुलिस जांच और बिसरा रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नितेश की मौत किस जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई और इसके पीछे वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं।
