
बैतूल ।दीपावली के बाद हुई बारिश से जिले में भारी फसल नुकसानी को देखते हुए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्रीय मंत्री श्री उईके, विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल, विधायक आमला डॉ. योगेश पंडाग्रे, विधायक मुलताई श्री चंद्रशेखर देशमुख, विधायक भैंसदेही श्री महेंद्र सिंह चौहान तथा कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में फसल नुकसानी, खाद वितरण, मंडी व्यवस्थाओं और नगरीय निकायों के विकास कार्यों की समीक्षा की गई।
विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल ने जिले में हुई फसल क्षति पर चिंता व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत स्तर तक विशेष अभियान चलाकर तीन दिन के भीतर पुनः सर्वे कराया जाए। उन्होंने कहा कि पहले हुए सर्वे में कई प्रभावित किसान छूट गए हैं, इसलिए अब ऐसा कोई भी किसान न बचे जिसे आरबीसी 6(4) की आर्थिक सहायता या बीमा क्लेम का लाभ न मिले। उन्होंने यह भी कहा कि जिले के सवा लाख से अधिक बीमित किसानों के दावे (इंटीमेशन) बीमा कंपनी के पोर्टल पर दर्ज कराए जाएं। कृषि, जनपद और राजस्व विभाग के अमले को फील्ड में जाकर किसानों से संपर्क करने और उनका डेटा तीन दिन में अपलोड करने के निर्देश दिए गए।
केंद्रीय मंत्री श्री दुर्गादास उईके ने कहा कि किसानों के हित में सर्वे और बीमा इंटीमेशन की प्रक्रिया पूरी गंभीरता से की जाए और सभी विभागों का समन्वय सुनिश्चित हो। विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे ने कहा कि राजस्व सर्वे और बीमा कंपनी के इंटीमेशन में कोई विसंगति नहीं रहनी चाहिए। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तीन दिन में सर्वे कार्य पूर्ण कर प्रभावित किसानों को शीघ्र आर्थिक सहायता दी जाए।
बैठक के दौरान बैतूल नगर पालिका अंतर्गत ट्रेचिंग ग्राउंड में कचरा निष्पादन की स्थिति पर भी चर्चा हुई। निर्धारित टेंडर के अनुरूप स्थल पर कार्य नहीं पाए जाने पर विधायक श्री खंडेलवाल ने जांच के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अक्षत जैन को अपर कलेक्टर, एसडीएम बैतूल और पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन यंत्री को सम्मिलित करते हुए जांच दल गठित करने के निर्देश दिए। यह दल सात दिनों में विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करेगा।
