
घोड़ाडोंगरी
बैतूल के रानीपुर थाना इलाके के घोड़ाडोंगरी पुलिस चौकी क्षेत्र में अवैध शराब परिवहन कर रहे बोलेरो वाहन में रविवार रात ग्रामीणों ने तोड़फोड़ कर दी। ग्रामीणों ने वाहन रोककर उसमें तोड़फोड़ की और शराब की बोतले तोड़ दी । घटना दूधावानी की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में किया। नाराज ग्रामीणों ने पुलिस वाहन पर भी पथराव किया।जिससे वाहन के पीछे के शीशे टूट गए।
एडिशनल एसपी कमला जोशी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर वे भी रात में घोड़ाडोंगरी पहुंचीं। जांच में पाया गया कि बोलेरो वाहन में करीब 57 लीटर अवैध शराब भरी हुई थी। पुलिस ने वाहन को जप्त कर घोड़ाडोंगरी चौकी में खड़ा करवाया है।
इस मामले में करीब एक दर्जन लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, तोड़फोड़ करने और एक अन्य प्रकरण में अवैध शराब रखने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि बोलेरो वाहन एमपी 06 बीए 0787 नंबर का है, जो रात के समय ग्रामीण इलाके से गुजर रहा था।
घटना के संबंध में एसआई आम्रपाली सहित पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर हालात को संभाला। पुलिस का कहना है कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धाराओं सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट जबकि बलवे का मामला दर्ज किया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री की शिकायतें मिल रही हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही थी। इस वजह से लोगों में गुस्सा था। फिलहाल पुलिस ने वाहन जब्ती और शराब के नमूने जांच के लिए भेजे हैं।
