
बैतूल : कोठी बाजार की सकरी गलियों का निरीक्षण — आपातकालीन वाहनों की आवाजाही सुगम बनाने प्रशासन सक्रिय
बैतूल। शहर की सकरी गलियों में आपातकालीन स्थिति के दौरान एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और पुलिस वाहनों की आवाजाही में आने वाली दिक्कतों को दूर करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने विशेष पहल की है। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सोमवार को विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम ने शहर के कोठी बाजार क्षेत्र सहित आसपास के वार्डों का निरीक्षण किया।
इस निरीक्षण में राजस्व, पुलिस, नगर पालिका, पीएचई, पीडब्ल्यूडी, बिजली विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य आवश्यक सेवाओं के अधिकारी शामिल थे। अधिकारियों ने क्षेत्र की स्थिति का जायजा लिया और सकरी गलियों, ड्रेनेज, पानी की पाइपलाइन, बिजली के पोल और अतिक्रमण से जुड़ी समस्याओं को नोट किया।
एसडीएम अभिजीत सिंह ने बताया कि भ्रमण का उद्देश्य शहर की उन व्यवस्थाओं को सुधारना है, जिनसे आपातकालीन सेवाओं की पहुंच में बाधा आती है। उन्होंने कहा कि अनावश्यक अतिक्रमण हटाने, गलियों को व्यवस्थित करने और आवश्यक सुधार के लिए जल्द ही एक कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
कलेक्टर ने हाल ही में सीएमओ और अन्य अधिकारियों को अपने-अपने नगरीय क्षेत्रों का नियमित भ्रमण कर समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए थे। उन्हीं निर्देशों के पालन में यह संयुक्त निरीक्षण किया गया।
