बरेली के सीबीगंज इलाके में शनिवार को एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। उसका शव झाड़ियों में पड़ा मिला। एक पैर में कपड़ा बंधा था। शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। आशंका है कि महिला की हत्या के बाद शव झाड़ियों में फेंका गया है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर छानबीन की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

जानकारी के मुताबिक गांव कटघर निवासी 52 वर्षीय ऊषा देवी शुक्रवार को सीबीगंज क्षेत्र के खड़ौआ गांव के नजदीक स्थित मढ़ी पर पूजा करने गई थीं। इसके बाद वह घर वापस नहीं आई। परिजन उनकी तलाश में जुटे थे। शनिवार को सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए, उसी वक्त उनकी नजर महिला के शव पर पड़ी। उसका शव झाड़ियों में पड़ा था। 

महिला के शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। एक पैर में कपड़ा बंधा हुआ था। मौके पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाया। गहनता से छानबीन की गई। पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या कर शव को यहां फेंका गया। पुलिस के मुताबिक महिला जहां पूजा करने गई थी, वहां रहने वाला बाबा फरार है। पुलिस उक्त बाबा के बारे में जानकारी जुटा रही है।