बैतूल। घर के बाहर सोए युवक को जहरीले सांप ने काटा जिससे उसकी बिस्तर में ही मौत हो गई। अजूबा यह हुआ कि जिस सांप ने युवक को काटा था।वह भी बिस्तर में ही दब कर मर गया। घटना बैतूल के पास बाजपुर की है। युवक की लाश जिला अस्पताल लाई गई है।जहां उसका पीएम करवाया जा रहा है।

मृतक युवक बोरदेही इलाके के मोर्खा नागदेव का रहने वाला था। वह बैतूल बाजार के पास अरुल रोड पर रवि वर्मा के खेत पर नौकर था। मृतक मंगलू (30) की बड़ी मां मीरा ने बताया की मृतक कल शाम उसके घर मेहमान आया था।रात में गर्मी होने पर वह घर के बाहर आंगन में सो गया था। आज सुबह जब उसे उठाया तो वह उठा नही।जब उसके बिस्तर को झाड़ा गया तो कंबल में से लगभग तीन फुट लंबा सांप मरा हुआ मिला। आशंका है की रात में नींद के दौरान मंगलू को इसी सांप ने डंस लिया होगा। जिससे उसकी नींद में ही मौत हो गई। सांप के बिस्तर में रहने के दौरान वह मृतक के नीचे दब गया होगा जिससे उसकी भी मौत हो गई। परिजनों ने मृतक का शव जिला अस्पताल लाया है।जहां बैतूल गंज पुलिस मृतक का पीएम करवा रही है। मृतक के दो बच्चे है। 

 

 

सर्प विशेषज्ञ आदिल खान ने बताया की  साप का नाम कॉमन करैत है जो इंडियन है। और यह साँप बेहद ही जहरीला होता है। जिसकी लंबाई भी कम होती है। यह सांप रात में ही निकलता है और इस सांप को बिस्तर की गर्माहट काफी पसंद होती है। शरीर से मिलने वाली गर्मी को प्राप्त करने के लिए शरीर से सट कर बैठ जाता है। जब सो रहा व्यक्ति करवट लेता है या हिलता है।तो यह काट लेता है। दांत छोटे होने के कारण इसके काटने का अहसास नही होता है।नींद में ही व्यक्ति की मौत हो जाती है। इसलिए बाहर सीने वालो को मच्छर दानी का उपयोग करना चाहिए। यह सांप दूसरे सांपो का ही भोजन करता है। यानि यह इससे छोटे सांपो को खा लेता है। अभी बारिश में यह ज्यादा निकलते है।इसलिए नीचे और बाहर सोने वालो को सावधानी रखना चाहिए।