अंबिकापुर। पूरे देश में ताबड़तोड़ चुनावी सभाएं कर रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस पर जमकर निशाना साध रहे हैं। वे जहां भी जाते हैं वहां उनके निशाने पर कांग्रेस प्रमुखता से होती है। बुधवार को छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में भी पीएम मोदी ने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस कहती है कि वो माता-पिता से मिलने वाली विरासत पर भी टैक्स लगाएगी। आप जो अपनी मेहनत से संपत्ति जुटाते हैं, वो आपके बच्चों को नहीं मिलेगी। वो भी कांग्रेस का पंजा आपसे छीन लेगा।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस का ये मंत्र आपकी संपत्ति छीन लेगा, आपको लूट लेगा। कांग्रेस का मंत्र है, जिंदगी के साथ भी, जिंदगी के बाद भी। जब तक आप जीवित रहेंगे, कांग्रेस आपको ज्यादा टैक्स से मारेगी। जिन लोगों ने पूरी कांग्रेस पार्टी पैतृक संपत्ति मानकर अपने बच्चों को दे दी, वो नहीं चाहते कि सामान्य भारतीय अपने बच्चों को दें। उन्होंने कहा कि जब मैं विकसित भारत कहता हूं, तो कांग्रेस वालों का और दुनिया की कुछ ताकतों का माथा गरम हो जाता है। अगर भारत शक्तिशाली हो गया तो कुछ ताकतों का खेल ही बिगड़ जाएगा। भारत आत्मनिर्भर बन गया तो कुछ ताकतों की दुकान बंद हो जाएगी। इसलिए वे भारत में कांग्रेस और इंडी गठबंधन की कमजोर सरकार चाहते हैं। कांग्रेस का इतिहास सत्ता के लालच में देश को तबाह करने का रहा है। 
पीएम ने कहा कि सत्ता के लालच में कांग्रेस देश को तबाह करने में लगी रही। देश में आतंकवाद किसके कारण फैला? देश में नक्सलवाद किसके कारण बढ़ा। कांग्रेस का कुशासन और लापरवाही, यही कारण है कि देश बर्बाद होता रहा। आज भाजपा नक्सलवाद और आतंकवाद के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई कर रही है। बाबा साहब अंबेडकर के नेतृत्व में यह तय किया गया था, कि भारत में धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं होगा। आरक्षण होगा तो दलित, आदिवासी भाइयों के नाम पर होगा, लेकिन वोट बैंक की भूखी कांग्रेस ने इन महापुरुषों की परवाह नहीं की। बाबा साहब अंबेडकर के शब्दों की परवाह नहीं की।मोदी ने कहा कि शाही परिवार के सलाहकार ने कुछ समय पहले कहा था कि मिडिल क्लास पर ज्यादा टैक्स लगना चाहिए। अब ये लोग उससे भी एक कदम आगे चले गए हैं। अब कांग्रेस का कहना है कि वो माता-पिता से मिलने वाली विरासत पर भी टैक्स लगाएगी। आप जो अपनी मेहनत से संपत्ति जुटाते हैं, वो भी कांग्रेस का पंजा आपसे छीन लेगा।
प्रधानमंत्री मोदी की सभा अंबिकापुर के उसी कालेज मैदान में हो रही है। जहां 11 साल पहले प्रतीकात्मक लाल किला बनाया गया था। आपके आशीर्वाद से आपके बीच का व्यक्ति छत्तीसगढ़ के सपनों को साकार कर रहा है। राज्य में रॉकेट की गति से काम हो रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि जब भाजपा ने मुझे 2014 में उम्मीदवार बनाया था, तब आपने ही अंबिकापुर में लाल किला बनाया था। उस दौरान कांग्रेस की पूरी टोली ने मुझ पर हमला बोल दिया था। आपके आशीर्वाद से वही मोदी, लाल किला पहुंचा और राष्ट्र के नाम संदेश दिया। आज सरगुजा वही फिर आशीर्वाद दे रहा है।