अहमदाबाद। प्रसिद्ध क्रिकेटर विराट कोहली को जान के खतरे से जुड़ी खबर सामने आई है। दो दिन पहले यहां एयरपोर्ट से पकड़े गए चार संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ के बाद इस थ्रेट का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस जानकारी के बाद विराट की सुरक्षा बढ़ा दी है। 

 

 बताया जा रहा है की बीते सोमवार पुलिस ने अहमदाबाद एयरपोर्ट से चार संदिग्धों को आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने के शक में गिरफ्तार किया है। इनसे पूछताछ और इनके ठिकाने पर पड़े छापे में इनके पास से हथियार, संदिग्ध वीडियो और टेक्स्ट संदेश भी बरामद हुए हैं। इसे लेकर दो दिन पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का अभ्यास मैच भी कैंसल किया गया। हमलावरों के मकसद के बारे में अभी पुलिस खुलकर कुछ नहीं बोल रही है लेकिन ये तय है कि इसी के मद्देनजर कोहली की सुरक्षा कड़ी की गई है। अब पुलिस और एजेंसियां संदिग्धों के पास से मिले हथियारों के अलावा संदिग्ध वीडियो और टेक्सट संदेशों की बारीकी से जांच कर रही हैं। ये पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों की आखिर क्या मंशा थी। 

 

होटल की सुरक्षा बढ़ाई गई

 

विराट कोहली पर मंडरा रहे इस खतरे के मद्देनजर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम अहमदाबाद के जिस होटल में रुकी है उसके बाहर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई। साथ ही बेंगलुरु की टीम के सभी सदस्यों के लिए होटल में एक एंट्री अलग से बनाई गई। यहां तक कि आईपीएल से मान्यता प्राप्त मीडिया कर्मियों को भी होटल परिसर में दाखिल होने की इजाजत नहीं दी गई। 

 

 

क्या बोली पुलिस

 

पुलिस अधिकारी विजय सिंघा ज्वाला ने मीडिया से कहा है की 'आरसीबी की टीम को अहमदाबाद पहुंचने के बाद विराट कोहली और टीम को 4 संदिग्धों की गिरफ्तारी के बारे में बताया गया। वो राष्ट्रीय संपत्ती हैं और उनकी सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। RCB का प्रबंधन जोखिम नहीं लेना चाहता था इसलिए उन्होंने हमें सूचित किया कि वो अभ्यास सत्र नहीं चाहते। आरआर को भी इसके बारे में सूचना दी गई थी लेकिन उन्हें नेट प्रेक्टिस करने में कोई समस्या नहीं थी।'