आगरा। स्वतंत्रता दिवस के दिन आगरा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगे हैं। नारे लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल है। आजादी के अमृत महोत्सव पर कुछ युवक हाथों में तिरंगा झंडा लेकर जुलूस निकाल रहे थे, इसी बीच जुलूस में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए गए। इलका वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तीन नामजद युवकों के खिलाफ धारा 153 बी के तहत केस दर्ज किया है। केस दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है। यह वीडियो महज 3 सेकेंड का है, पुलिस वीडियो की गहनता से जांच पड़ताल कर रही है।
  एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि तिरंगा जुलूस के दौरान पाकिस्तान जिंदाबाद नारे का एक वीडियो सामने आया है। इस मामले में नामजद केस दर्ज किया गया है। जांच के बाद सभी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उधर आगरा में राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का भी एक मामला सामने आया है। एक धार्मिक झंडे के नीचे राष्ट्रीय ध्वज लगाया गया था। पूरा मामला थाना फतेहाबाद इलाके के भलोखरा गांव का बताया जा रहा है। दरअसल, धार्मिक झंडे के नीचे राष्ट्रीय ध्वज को फहरा दिया गया। इसका वीडियो किसी ने बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। इस तरह से राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का वीडियो पुलिस के पास भी पहुंचा और पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर जांच पड़ताल में जुटी हुई है। बता दें कि राष्ट्रीय ध्वज के बराबर या उससे ऊपर कोई भी झंडा नहीं फहराया जा सकता।