नई दिल्ली । भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने 14 जुलाई को श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से चंद्रयान-3 को लांच किया। ऐसा माना जा रहा है कि यान के साथ भेजा गया लैंडर 23 अगस्त को चांद की सतह पर लैंड करेगा। चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग पर ट्विटर पर मीम्स की बाढ़ आ गई है। लोग मीम्स शेयर कर इस मिशन पर गर्व महसूस कर रहे हैं। लोगों ने मीम्स शेयर कर इस गौरवपूर्ण पल का जश्न मनाया है। वहीं, कुछ ने हल्के-फुल्के चुटकुले शेयर किए हैं। यूजर्स का कहना है कि अब चांद पर तिरंगा लहराएगा। 
बता दें, चंद्रयान-2 के अधूरे कामों को चंद्रयान-3 पूरा करेगा। अगर भारत चांद की सतह पर साफ्ट लैंडिंग करने में सफल रहता है, तब वह ऐसा करने वाला अमेरिका, चीन और पूर्व सोवियत संघ के बाद चौथा देश बन जाएगा। चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन स्पेस सेंटर पहुंचे। चंद्रयान-3 को बाहुबली कहे जाने वाले एलवीएम-3 एम4 रॉकेट ने पृथ्वी की कक्षा में छोड़ दिया, जिसके बाद अब यान पृथ्वी की अलग-अलग कक्षाओं में चक्कर लगाते हुए चंद्रमा की तरफ बढ़ेगा।