प्रदेश अध्यक्ष एवं बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्यपाल नरोत्तम ने बिहार दिवस के उपलक्ष्य में प्रबुद्धजन सम्मेलन को किया संबोधित
भोपाल। भारती जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्यपाल नरोत्तम ने बिहार दिवस के उपलक्ष्य में भोपाल में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि बिहार ने सनातन काल से दुनिया को लोकतंत्र की शिक्षा देने का कार्य किया है। आपातकाल के बाद लोकतंत्र को पुनर्जीवित करने की शुरूआत भी बिहार से हुई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिहार के छात्र आंदोलन से निकली सोच को आगे बढ़ाकर देश की सेवा कर रहे हैं। बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्यपाल नरोत्तम ने कहा कि मध्यप्रदेश में रहने वाले हमारे पूर्वांचल और बिहार के लोग बिहार राज्य को विकसित बनाने में अपनी भूमिका निभाएं। जन्मभूमि और कर्मभूमि में समन्वय बनाकर राष्ट्र की सेवा में अपना योगदान देते रहे। सम्मेलन को जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति ने भी संबोधित किया। प्रबुद्धजन सम्मेलन से पहले छठ समितियों की बैठक आयोजित की गयी।
प्रधानमंत्री राज्यों के संस्कृति व उत्सवों को पुनर्जीवित करने का कार्य कर रहे
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भारत वसुधैव कुटुंबकम के साथ आगे बढ़ रहा है, लेकिन आजादी के बाद के सालों में राज्यों की संस्कृति और उत्सवों को दूसरे राज्यों में मनाना कुछ कम हो गया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस परंपरा को पुनर्जीवित करने का कार्य किया है। इसके लिए भाजपा ‘‘एक भारत श्रेष्ठ भारत‘‘ नाम का अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत वाराणसी में तमिल संगम का आयोजन किया गया और अब मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल, इंदौर सहित अन्य शहरों में बिहार राज्य के स्थापना दिवस को बिहार दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। भाजपा आज शनिवार को बिहार स्थापना दिवस के मौके पर मध्यप्रदेश सहित देश के 25 राज्यों में 75 स्थानों पर पूर्वांचल और बिहार के लोगों के साथ बिहार का स्थापना दिवस मना रही है। प्रधानमंत्री संपूर्ण भारत को एक सूत्र में बांधने का कार्य कर रहे हैं। राज्यों की संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने का कार्य भारतीय जनता पार्टी कर रही है।
बिहार के लोग जहां हैं उस राज्य को अपने कर्मठता व कर्मशीलता से आगे ले जा रहे हैं
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि बिहार के लोग अपनी कर्मठता और कर्मशीलता से देश-विदेश में जहां भी हैं, उस राज्य व देश को आगे ले जाने का कार्य कर रहे हैं। जब मैंने छात्र राजनीति में कदम रखा तो मुझे किसी पर सबसे अधिक भरोसा था तो वह बिहार का रहने वाला एक भाई था। यह भरोसा बिहार के लोग अपनी मेहनत और ईमानदारी से जहां रहते हैं, वहां बना लेते हैं। बिहार के लोग कठिन परिस्थितियों में भी रहकर खुद को वहां की परिस्थिति में ढालकर उस शहर व राज्य के विकास के लिए दिन रात-प्रयासरत रहते हैं। मध्यप्रदेश के विकास में भी बिहार के लोगों का अमूल्य योगदान है। आप सभी मध्यप्रदेश के विकास में योगदान देने के साथ बिहार राज्य को भी और आगे ले जाने के लिए अपनी-अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में बिहार के लोगों को हमेशा आदर और सम्मान के भाव से देखा जाता है। बिहार ने मध्यप्रदेश में भाजपा को कई नेता दिए हैं। स्वर्गीय प्रभात झा हमारी पार्टी के मध्यप्रदेश के अध्यक्ष रहे हैं, वे बिहार के रहने वाले थे। भोपाल के तीन बार जिला अध्यक्ष और विधायक रहे स्वर्गीय सुरेन्द्रनाथ सिंह भी पूर्वांचल के रहने वाले थे। भाजपा के वर्तमान जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति भी वहीं से आते हैं। यह सभी भाजपा कार्यकर्ता मध्यप्रदेश के विकास को आगे ले जाने का कार्य किया है। आप सभी को एक बार पुनः बिहार दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
भोपाल को देखकर ऐसा लग रहा, जैसे मिनी बिहार आए हैं - सत्यपाल नरोत्तम
बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्यपाल नरोत्तम ने कहा कि बिहार दिवस के उपलक्ष्य में मैं भोपाल आया तो हमें यहां लग ही नहीं रहा कि मैं बिहार से बाहर हूं। आप सभी लोगों की भीड़ और उत्साह देखकर लग रहा है कि भोपाल मिनी बिहार है। यहां छठ पर्व के लिए सवा सौ से अधिक समितियां हैं, इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि यहां के लोग पूर्वांचल और बिहार के लोगों और हमारे त्यौहार व उत्सवों को कितना आत्मीयता के साथ मनाते हैं। वर्ष 2005 से पहले बिहार की स्थिति काफी दयनीय हो गई थी। 2005 के बाद बिहार फिर से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बिहार में एनडीए सरकार राज्य के विकास को आगे बढ़ा रही है। आप सभी बिहार के मूल निवासी अपनी जन्मभूमि और कर्मभूमि में समन्वय बनाकर बिहार को विकसित राज्य बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री व बिहार दिवस के प्रभारी रणवीर सिंह रावत, सह प्रभारी विजय दुबे, पूर्व मंत्री रामनिवास रावत सहित भोपाल में निवासरत बिहार के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।